सुशासन तिहार शिविर ढौर में 803 आवेदन सौंपे

  • फसल बर्बादी से परेशान किसान ने मांगी इच्छामृत्यु
  • पतोरा पंचायत में फिक्स डिपाजिट की तत्काल जांच एवं खदानों की सीमांकन की मांग

पाटन। विकासखंड पाटन के ग्राम ढौर में सोमवार को सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 21 ग्राम पंचायतों के 803 लोगों ने विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन सौंपे। शिविर में कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजा गया।

शिविर को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों का एक ही स्थान पर निराकरण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को पारदर्शी, सरल एवं त्वरित प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध हो सके।

जिला पंचायत सदस्य नीलम राजेश चंद्राकर ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन कर रही है।

इसी दौरान ग्राम मुड़पार के किसान संतराम यादव ने प्रशासनिक उपेक्षा और फसल बर्बादी से परेशान होकर इच्छामृत्यु की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। किसान का आरोप है कि खेत से लगे छोटे तालाब की टूटी मेड से लगातार पानी खेत में घुस रहा है, जिससे उनकी प्याज की पूरी फसल बर्बाद हो गई है। तालाब की मरम्मत नहीं होने से खेत में पानी भरा हुआ है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। खेती ही परिवार के पालन-पोषण का एकमात्र साधन होने के कारण वे मानसिक और आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। संतराम यादव ने मांग की है कि तालाब की टूटी मेड की तत्काल मरम्मत कर फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए, अन्यथा उन्हें इच्छामृत्यु की अनुमति प्रदान की जाए। 

ग्राम पंचायत पतोरा सरपंच भुनेश्वर साहू द्वारा 6.50 लाख की कथित फिक्स डिपॉजिट, दुकान नीलामी की राशि के बारे में जांच कर दोषियों के ऊपर कार्यवाही करने एवं खदानों की सीमांकन किए जाने की मांग की गई।  ग्राम पंचायत लोहरसी सरपंच राकेश साहू ने कोटवार को हटाने, 2021 से अधूरा पड़े पानी टंकी को पूरा करने, छोटे पारा में सामुदायिक भवन के समीप स्थित ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग किए। महकाखुर्द सरपंच महिला सुरक्षा को मजबूत करने चेतना पुलिस, महिला कमांडो की पुनः स्थापना किए जाने एवं परेवाडीह में श्मशान घाट पहुंच मार्ग बनाने की मांग रखी। 

मंच संचालन मोहित शर्मा ने किया। आभार प्रदर्शन जनपद सीईओ जागेंद्र साहू ने किया। इस अवसर पर एसडीएम लवकेश ध्रुव, सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर,नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी,जनपद सदस्य प्रणव शर्मा,दुलेश्वर मानकुर, भुनेश्वर साहू,चंद्रिका साहू,लक्ष्मी नीलू वर्मा,राकेश साहू, मेघा ठाकुर,चित्रसेन कलिहारी,अर्चना यादव,विपिन चंद्राकर सोहन साहू, सहित विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *