रानीतराई। रानीतराई क्षेत्र में बढ़ते अवैध शराब, गांजा और कबाड़ी कारोबार को लेकर जनपद सदस्य रश्मि भेदप्रकाश वर्मा ने पुलिस और आबकारी विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खुलेआम अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहे हैं।
रश्मि भेदप्रकाश वर्मा ने आरोप लगाया कि रानीतराई क्षेत्र के कई गांवों में अवैध शराब की बिक्री चरम पर पहुंच चुकी है। गांव-गांव में कोचिये मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों से शराब की सप्लाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी शराब दुकानों में शराब नहीं मिलने के बावजूद कोचियों के पास देसी और अंग्रेजी शराब आसानी से उपलब्ध होना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में शराब, गांजा और कबाड़ी का अवैध कारोबार पुलिस की जानकारी के बिना संभव नहीं है। ग्रामीण लगातार शिकायत कर रहे हैं कि अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है।
जनपद सदस्य ने कहा कि शराबखोरी के कारण क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है। नशे में धुत लोग चौक-चौराहों पर अभद्र व्यवहार कर रहे हैं, जिससे महिलाओं और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। युवा पीढ़ी भी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है।
उन्होंने कहा कि रानीतराई थाना क्षेत्र में नए स्टाफ के आने के बाद अवैध गतिविधियों में वृद्धि हुई है। ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
रश्मि भेदप्रकाश वर्मा ने बताया कि 21 मई को कौहि में आयोजित जन सुराज अभियान शिविर में ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस और आबकारी विभाग के खिलाफ शिकायत की जाएगी तथा अवैध शराब, गांजा और कबाड़ी कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई जाएगी।
वहीं रानीतराई थाना के मुंशी श्याम सिंह राजपूत ने कहा कि “कांग्रेस सरकार के समय क्षेत्र में और अधिक शराब बिक्री होती थी। अब पहले की तुलना में स्थिति में कुछ कमी आई है। लगातार सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।”
