ग्रामवासियों के विरोध के आगे झुकी पंचायत, यूरोसेम कंपनी की NOC रद्द करने का फैसला


पाटन। ग्राम घुघुवा(क) में प्रस्तावित यूरोसेम कंपनी को लेकर ग्रामीणों का विरोध अब खुलकर सामने आ गया है। ग्राम पंचायत द्वारा ग्रामीणों को बिना जानकारी दिए कंपनी के लिए जारी किए गए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के खिलाफ रविवार को बाजार चौक में बड़ी बैठक आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।
बैठक में ग्रामीणों ने कंपनी संचालन से होने वाले संभावित प्रभाव, लाभ-हानि, सुविधाओं और समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। इस दौरान सरपंच, पंचगण और कंपनी संचालक ने भी अपनी बात रखी, लेकिन ग्रामीण कंपनी स्थापना को लेकर संतुष्ट नजर नहीं आए।
बैठक के अंत में मतदान कराया गया, जिसमें उपस्थित ग्रामीणों ने एकमत से फैक्ट्री बंद करने और गांव में कंपनी नहीं खुलने देने के पक्ष में मतदान किया। ग्रामीणों के भारी विरोध को देखते हुए ग्राम पंचायत घुघुवा(क) की सरपंच शैलेन्द्री साहू ने कंपनी के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने के लिए नोटिस जारी करने तथा पूर्व में जारी एनओसी को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू किए जाने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि पंचायत स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च स्तर पर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने मजबूर होंगे।
बैठक में जनपद सदस्य प्रणव शर्मा, सरपंच शैलेन्द्री साहू, उपसरपंच शिवनारायण शर्मा, समस्त पंचगण, किसान प्रतिनिधि गंगा राम साहू, समाज प्रमुख रमेश यादव, शिक्षक सुरेश चतुर्वेदी, थानेश्वर साहू, प्रशांत शर्मा, अरविंद साहू, ठकेंद्र धनकर, लोकेश साहू, ललित सोनकर, श्यामकिशोर शर्मा, मोतीलाल देवांगन, कंपनी संचालक एवं समस्त ग्रामवासी परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *