सुशासन तिहार 2026 : ग्राम घुघुवा में लगा समाधान शिविर, 20 गांवों के ग्रामीणों ने रखी समस्याएं

  • संवाद से समाधान के दावे के बीच घुघुवा शिविर में भटके ग्रामीण


पाटन। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ग्राम घुघुवा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के 20 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। राज्य सरकार की मंशा “संवाद से संपूर्ण समाधान” को लेकर आयोजित इस शिविर में लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को लेकर 446 आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य एवं सामाजिक कल्याण विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, सड़क, बिजली, आयुष्मान कार्ड एवं राजस्व संबंधी मामलों को लेकर आवेदन सौंपे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से शिविरों का आयोजन कर ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। सांसद ने पीएम सूर्य योजना के अंतर्गत 60 से अधिक घरों में योजना का लाभ मिलने पर ग्राम पंचायत को बधाई देते हुए इसे ग्रामीण जागरूकता और विकास का सकारात्मक उदाहरण बताया।


पोर्टल की जानकारी के अभाव में भटके ग्रामीण…..
सुशासन तिहार के सुचारू संचालन के लिए राज्य सरकार द्वारा ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया गया है, जिसमें ग्राम पंचायतवार एलजीडी (LGD) कोड के साथ निर्धारित आवेदन प्रारूप उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बावजूद ग्राम घुघुवा में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को पोर्टल एवं आवेदन प्रक्रिया की पर्याप्त जानकारी नहीं मिल सकी।
शिविर में पहुंचे कई ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया और निर्धारित प्रारूप की जानकारी नहीं दी गई, जिसके चलते वे असमंजस में रहे। बड़ी संख्या में लोगों से सीधे लिखित आवेदन लिए गए, जबकि कई लोग जानकारी के अभाव में आवेदन जमा किए बिना ही वापस लौट गए।
ग्रामीणों ने मांग की है कि आगामी शिविरों में पोर्टल संचालन, एलजीडी कोड, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी पहले से सार्वजनिक की जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि शासन का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम का मंच संचालन मोहित शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जनपद सीईओ जागेंद्र साहू ने किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, एसडीएम लवकेश ध्रुव, जिला भाजपा महामंत्री दिलीप साहू, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, जनपद सदस्य प्रणव शर्मा, मोहन लोधी, गायत्री साहू, रवि सिंगौर, राजू साहू, मधुकांता साहू सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *