10 वर्षों बाद मुक्त हुई 9 एकड़ चारागाह भूमि, ग्राम पंचायत झीट की पहल से हटा अतिक्रमण


पाटन। ग्राम पंचायत झीट में वर्षों से अतिक्रमण की चपेट में रही करीब 9 एकड़ चारागाह भूमि को आखिरकार कब्जा मुक्त करा लिया गया। लगभग 10 साल से इस जमीन पर अवैध कब्जा बना हुआ था, जिसे ग्राम पंचायत के प्रस्ताव और ग्रामीणों की सहमति के आधार पर हटाया गया।इस कार्रवाई में सरपंच रूपेंद्र राजू साहू के नेतृत्व में पंचायत ने शांति और आपसी समझदारी के साथ अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की। पूरे अभियान के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं हुआ, जिससे ग्रामीणों में संतोष का माहौल है।ग्राम पंचायत द्वारा पहले प्रस्ताव पारित कर ग्रामीण बस्ती के साथ चर्चा की गई, जिसके बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि चारागाह भूमि को मूल स्वरूप में वापस लाया जाए। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।सरपंच रूपेंद्र राजू साहू ने बताया कि आने वाले समय में इस भूमि का उपयोग ग्राम विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। यहां वृक्षारोपण, खेल मैदान, या अन्य सामुदायिक उपयोग की योजनाएं बनाई जा सकती हैं, जिससे पूरे गांव को लाभ मिलेगा।ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद गांव की सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है, जो एक सकारात्मक कदम है। पंचायत की इस कार्रवाई से अन्य स्थानों पर भी अवैध कब्जों के खिलाफ सख्ती की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *