शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झीट का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट, 10वीं-12वीं में विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन सरपंच राजू साहू ने सभी विद्यार्थियों को दी बधाई


पाटन। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झीट के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय सहित क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा, जिसमें कई विद्यार्थियों ने उच्च अंक अर्जित कर सफलता का परचम लहराया।
झीट विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी अनुकरणीय प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कक्षा 10वीं में प्रियांशु ने 90.3प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर रहे। प्रथम श्रेणी में 54 बच्चे उत्तीर्ण हुए जिसमें 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक 24 बच्चों ने हासिल किए। इसी तरह कक्षा 12वीं में भूमिका ने 94.6 प्रतिशत एवं मोनिका ने 93.6 प्रतिशत अंक हासिल की। प्रथम श्रेणी में 54 छात्र छात्राएं उत्तीर्ण हुए जिसमें 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक 3 बच्चों ने 70 प्रतिशत से अधिक 21छात्र छात्राओं का रहा। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह परिणाम है। साथ ही अभिभावकों के सहयोग को भी इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
इस अवसर पर ग्राम के युवा सरपंच राजू साहू ने विद्यालय पहुंचकर सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे मजबूत आधार है और ऐसे उत्कृष्ट परिणाम क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की तथा आगामी वर्षों में और बेहतर परिणाम लाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *