मजदूर दिवस पर नगर पालिका ने स्वच्छता दीदियों का किया सम्मान; ‘स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26’ में नंबर-1 आने का संकल्प

  • 77 पीपीई किट बांटे गए
  • विक्रम शाह ठाकुर

कुम्हारी। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में ‘मिशन क्लीन सिटी’ के अंतर्गत कार्यरत स्वच्छता दीदियों के लिए एक विशेष सम्मान एवं सुरक्षा किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति मीना वर्मा , उपाध्यक्ष प्रमोद राजपूत एवं समस्त पार्षदगण मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर एवं अधिकारियों की उपस्थिति में स्वच्छता दीदियों को पीपीई किट प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष मीना वर्मा ने कहा की “पिछले सर्वेक्षणों में हमारे शहर ने देश में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, लेकिन इस बार हमारा लक्ष्य देश के शीर्ष पायदान पर पहुंचने का है। स्वच्छता सर्वेक्षण के नए मापदंडों के अनुसार, हमारे स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और उनका स्वास्थ्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह पीपीई किट न केवल उन्हें बीमारियों से बचाएगी, बल्कि वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन में भी सहायक सिद्ध होगी।”

उपस्थित पार्षदों ने स्वच्छता दीदियों के कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं कर्मठ हाथों के दम पर कुम्हारी नगर पालिका स्वच्छता की नई ऊंचाइयों को छुएगी। पीपीई किट वितरण के माध्यम से स्वच्छता दीदियों को यह संदेश दिया गया कि उनकी सुरक्षा शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में नगर पालिका को नंबर-1 बनाने और शहर को कचरा मुक्त करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर कुल 77 पीपीई किट वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन पार्षद अनुराग गुप्ता ने एवं आभार पार्षद हरिदास वैष्णव ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *