निजी स्कूल फीस बढ़ोतरी पर भड़के अभिभावक, जनदर्शन में उठी आवाज

दुर्ग। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आज आम जनता की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जनदर्शन में पहुंचे लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर योगिता देवांगन और डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 117 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, सड़क निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार और आर्थिक सहायता जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

📌 फीस वृद्धि पर अभिभावकों का विरोध

जनदर्शन में निजी स्कूलों की बढ़ती फीस को लेकर अभिभावकों ने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि स्कूल हर साल बिना स्पष्ट कारण फीस में 700 से 1000 रुपये प्रतिमाह तक वृद्धि कर देते हैं, जिससे सालाना बोझ 10 से 12 हजार रुपये तक बढ़ जाता है।अभिभावकों ने मांग की कि फीस वृद्धि से पहले शासन की अनुमति अनिवार्य की जाए और अवकाश अवधि में शुल्क वसूली पर रोक लगाई जाए। कलेक्टर ने इस पर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

💧 ग्राम अमलीडीह में जल संकट

ग्राम पंचायत अमलीडीह की सरपंच ने गांव में गहराते जल संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि पानी टंकी बनने के बावजूद बोरवेल से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।समस्या के समाधान के लिए खारून नदी से पाइपलाइन के माध्यम से पानी लाने की मांग की गई। इस पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग को निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने को कहा।

⚠️ सड़क दुर्घटना में मृत युवक के परिवार ने मांगी मदद

बोरसी निवासी एक पिता ने अपने पुत्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल दुर्घटना में उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है।कलेक्टर ने इस मामले में एसडीएम दुर्ग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *