दुर्ग। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से हुक्का व इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों का बड़ा जखीरा भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹1.02 लाख बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मालवीय नगर स्थित जैन मंदिर के सामने एक दुकान में अवैध रूप से हुक्का फ्लेवर और ई-सिगरेट का भंडारण व बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर दबिश दी और दुकान की तलाशी ली। इस दौरान प्लास्टिक बोरियों में रखे हुक्का फ्लेवर, ई-सिगरेट, चारकोल व अन्य सामग्री बरामद की गई।आरोपियों पर केस दर्जपुलिस ने इस मामले में राजेश जैन (38) और शैलेश जैन (36), दोनों निवासी मालवीय नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
क्या-क्या हुआ जब्त
हुक्का फ्लेवर – 55 पैकेट
इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट – 40 नग
हुक्का नोजल – 4 पैकेट
हुक्का कोल – 4 पैकेट
नगद – ₹600
आर्थिक लाभ के लिए कर रहे थे कारोबार ……..
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों और ई-सिगरेट की अवैध बिक्री कर आर्थिक लाभ कमा रहे थे।पुलिस की अपीलदुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध नशीले पदार्थों या तंबाकू उत्पादों की बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।
—000—
