- बिना दस्तावेज FD की जानकारी, अज्ञात खाते से ट्रांसफर और एक साल तक राशि कहां रही—तीन बड़े सवाल
पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत पतोरा में 6.50 लाख रुपए की राशि को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सामने आए दस्तावेजों और नए खुलासों के बाद पंचायत की वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पतोरा द्वारा आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, उतई शाखा को पत्र भेजकर पंचायत के खाता क्रमांक 10068487047 में 6.50 लाख रुपए जमा कराने का अनुरोध किया गया था। पत्र में उल्लेख है कि पंचायत प्रस्ताव के आधार पर उक्त राशि को फिक्स डिपॉजिट (FD) करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन पंचायत स्थापना दिवस अलग-अलग तिथियों के कारण समय पर FD नहीं हो सकी।
दस्तावेज के अनुसार यह राशि खाता क्रमांक 10099648215 से 27 फरवरी 2026 को पंचायत खाते में ट्रांसफर की गई, जबकि बैंक में पत्र प्राप्ति की मुहर 26 फरवरी 2026 की है। इस समय-क्रम ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया है।
🔴 कार्यभार सौंपने में ही गड़बड़ी?
पंचायत चुनाव 2025 के बाद जब नए सरपंच को कार्यभार सौंपा गया, तब उन्हें 6.50 लाख रुपए की FD होने की जानकारी दी गई, लेकिन
न कोई बैंक खाता बताया गया
न कोई FD दस्तावेज प्रस्तुत किया गया
ऐसे में सवाल उठता है कि बिना प्रमाण के FD की जानकारी क्यों दी गई?
🔴 अज्ञात खाते से हुआ ट्रांसफर
कार्यभार के दौरान सौंपे गए खाते से राशि ट्रांसफर का कोई उल्लेख नहीं है। इसके विपरीत, दस्तावेज में एक अन्य खाता क्रमांक 10099648215 से राशि पंचायत खाते में आने की जानकारी सामने आई है।
👉 यह खाता किसका है?
👉 क्या यह पंचायत का अधिकृत खाता है या किसी व्यक्ति/संस्था से जुड़ा हुआ?
🔴 एक साल तक कहां रही राशि?
यदि FD नहीं हुई थी, तो
👉 पूरे एक साल तक 6.50 लाख रुपए किस खाते में जमा रहे?
👉 क्या उस पर ब्याज मिला?
👉 क्या इसका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध है?
🔴 जांच की मांग तेज
गौरतलब है कि इस पूरे मामले की जांच को लेकर जनपद सदस्य चंद्रिका कलिहारी,सरपंच भुनेश्वर साहू एवं पंचों ने एडीएम पाटन को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
मामले में लगातार उठ रहे सवालों के बीच अब ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सभी की नजरें प्रशासन पर टिकी हैं कि इस गंभीर वित्तीय मामले में कब तक जांच शुरू होती है और सच्चाई सामने आती है।
