भाजपा का “जन आक्रोश रैली” दरअसल सत्ता का दुरुपयोग: प्रशासन को बना दिया गया पार्टी का एजेंट – राकेश ठाकुर



दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने जनपद पंचायत पाटन द्वारा जारी आदेश पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि तथाकथित “जन आक्रोश रैली” पूरी तरह से भाजपा का राजनीतिक शो है, जिसे सफल बनाने के लिए खुलेआम प्रशासनिक अमले का दुरुपयोग किया जा रहा है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है कि जनपद पंचायत जैसे संवैधानिक संस्थान को भाजपा के इशारे पर काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। आदेश के जरिए 108 ग्राम पंचायतों के सरपंचों और पंचायत अमले पर भीड़ जुटाने का दबाव बनाना सीधे-सीधे लोकतंत्र की हत्या है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी राजनीतिक नाकामी और जनता में घटते जनाधार को छुपाने के लिए सरकारी मशीनरी को ढाल बनाकर भीड़ खड़ी करने की कोशिश कर रही है। यह न सिर्फ सत्ता का दुरुपयोग है, बल्कि ग्रामीण जनप्रतिनिधियों का अपमान भी है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि भाजपा अगर इतनी ही लोकप्रिय है तो अपने दम पर भीड़ जुटाकर दिखाए, प्रशासनिक दबाव बनाकर सरपंचों को आदेश देना बंद करे। पंचायत प्रतिनिधि भाजपा के कार्यकर्ता नहीं हैं कि उन्हें निर्देश देकर रैली में भीड़ इकट्ठा करवाई जाए।
उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसे आदेश तुरंत वापस नहीं लिए गए, तो कांग्रेस पार्टी इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला मानते हुए सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ाई लड़ेगी।
राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पूरे जिले में जनआंदोलन छेड़ेगी और भाजपा की इस “तानाशाही प्रवृत्ति” को बेनकाब करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *