देर रात क्लब में अवैध शराब बिक्री, संचालक गिरफ्तार – 64 बोतल बीयर जब्त


दुर्ग। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात क्लब संचालन के बाद अवैध रूप से बीयर बेच रहे संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 64 बोतल बीयर जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 की रात जांच के दौरान टी-सूर्यामाल जुनवानी स्थित “लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब” में छापेमारी की गई। जांच में सामने आया कि क्लब का निर्धारित समय समाप्त होने के बावजूद संचालक द्वारा छत पर बीयर छिपाकर रखी गई थी और ग्राहकों को अवैध रूप से परोसी जा रही थी।
मौके पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता (41 वर्ष), निवासी सेक्टर-04 भिलाई को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 64 बोतल स्टॉक कंपनी बीयर (करीब 41.600 बल्क लीटर) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 12,800 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, उप निरीक्षक उत्तम कुमार साहू सहित आरक्षक कमल नारायण, गोविंद साहू, कौशलेन्द्र और सविंदर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और व्यवसाय संचालकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *