दुर्ग। शहर में अवैध संबंधों के संदेह ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी जप्त कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी परदेशी राम निर्मलकर (55 वर्ष), निवासी नयापारा दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पुत्र हेमंत निर्मलकर पर 18 अप्रैल की रात लगभग 10 बजे उतई तिराहा स्थित टेम्पो स्टैंड, बबला होटल के सामने आरोपी द्वारा हमला किया गया। घायल युवक को पहले जिला अस्पताल और बाद में शंकरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जांच में सामने आया कि आरोपी अंकित सिन्हा (28 वर्ष), मूल निवासी ग्राम बोरतरा थाना गुरूर जिला बालोद, हाल निवासी मांढर जिला रायपुर, को अपनी पत्नी के संबंधों को लेकर संदेह था। इसी वजह से वह हेमंत निर्मलकर से रंजिश रखता था और मौके पर हमला कर दिया।
घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार राजपूत सहित प्रधान आरक्षक राकेश निर्मलकर, आरक्षक गजेन्द्र यादव एवं केशव कुमार की सराहनीय भूमिका रही।
