दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र से 13 वर्षीय छात्रा के रहस्यमयी ढंग से लापता होने के मामले में अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। घटना को एक माह बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाना पुलिस की जांच पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, लापता बालिका कक्षा 8वीं की छात्रा है और पाटन क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर के कोटवार की पुत्री बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, वह 28 फरवरी को दोपहर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में और दूसरे राज्य में भी जाकर पूछताछ तो की गई है, लेकिन अभी तक बच्ची के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है। वहीं ग्रामीणों का भी कहना है कि इतने संवेदनशील मामले में अब तक कोई ठोस प्रगति न होना चिंताजनक है।
गौरतलब है कि परिजनों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से भी गुहार लगाई, बावजूद इसके मामला अब तक अनसुलझा है। इससे परिजनों में आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
परिजनों ने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ किसी अनहोनी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि जल्द से जल्द छात्रा का पता लगाया जा सके।
