वाहन चढ़ाकर हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, कॉलोनी में कई वाहन तोड़े


दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत आम्रपाली वनांचल सिटी में देर रात उत्पात मचाने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कॉलोनी में खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और एक व्यक्ति को जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने का प्रयास भी किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मंजीत सिंह, निवासी आम्रपाली वनांचल सिटी भिलाई ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 मार्च की रात करीब 2:30 बजे आरोपी लखन साहू ने उनकी स्कार्पियो (CG 04 NR 9009) को चालू कर आसपास खड़ी 5-6 अन्य वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रार्थी मौके पर पहुंचा और आरोपी को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने उस पर वाहन चढ़ाकर जान लेने की कोशिश की, लेकिन प्रार्थी के हट जाने से वह बाल-बाल बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
मामले में थाना जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 192/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने असामाजिक प्रवृत्ति और आक्रोश में आकर इस घटना को अंजाम दिया।
जप्त सामग्री :
एक स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 04 NR 9009
सराहनीय भूमिका :
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सउनि अजय सिंह, आरक्षक महात्मा साहू, तोषण चन्द्राकर, अतुल सिंह, चंदन सिंह एवं संतोष की विशेष भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *