जामगांव आर में श्रीराम–सीता की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा में जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक हुईं शामिल


पाटन। रामनवमी के पावन एवं शुभ अवसर पर धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक जामगांव आर एवं ग्राम पौहा पहुँचीं। यहाँ उन्होंने नव-निर्मित मंदिर के लोकार्पण तथा भगवान श्रीराम–सीता माता की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होकर विधिवत पूजा–अर्चना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-पाठ के साथ हुआ। इस दौरान जनपद अध्यक्ष ने मंदिर में दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।
इस पावन आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भक्ति एवं उल्लास से भर गया। आयोजन के अंतर्गत भजन-कीर्तन, कलश यात्रा तथा प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने सभी ग्रामवासियों को इस दिव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल की धर्मपत्नी रजनी बघेल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *