49 दिनों में तीसरी शिकायत: पंचायत सचिव महेंद्र साहू के खिलाफ विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा


पाटन। जनपद पंचायत पाटन के अंतर्गत पदस्थ पंचायत सचिव महेंद्र साहू के खिलाफ विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 49 दिनों में तीन अलग-अलग पंचायतों के प्रतिनिधि और ग्रामीण जिला पंचायत दुर्ग पहुंचकर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करा चुके हैं।
विरोध की शुरुआत ग्राम पंचायत पतोरा से हुई, जहां 29 जनवरी को पंचायत प्रतिनिधियों ने स्थानांतरण की मांग को लेकर जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ बजरंग दुबे को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद महेंद्र साहू का स्थानांतरण जामगांव आर किया गया, लेकिन यहां वे बिना पदभार ग्रहण किए मात्र 14 दिन ही पदस्थ रह पाए और उनका फिर से तबादला ग्राम पंचायत पहंडोर कर दिया गया।
पहंडोर में पदस्थापना की सूचना मिलते ही वहां के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी विरोध जताते हुए जिला पंचायत सीईओ से उनकी नियुक्ति रोकने की मांग की। लगातार बढ़ते विरोध को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ ने 11 मार्च को तीसरी बार स्थानांतरण आदेश जारी करते हुए उन्हें ग्राम पंचायत भरर भेज दिया।
हालांकि, भरर में भी स्थिति नहीं बदली। पदस्थापना की खबर मिलते ही 16 मार्च को सरपंच ने जनपद पंचायत पाटन के सीईओ को ज्ञापन सौंपकर उनके पदस्थापन का विरोध किया। 18 मार्च को महेंद्र साहू विधिवत पदभार ग्रहण करने पंचायत पहुंचे,लेकिन उन्हें बिना पदभार लिए ही वापस लौटना पड़ा।
इसके बाद 19 मार्च को पंचायत प्रतिनिधि एक बार फिर जिला पंचायत दुर्ग पहुंचे और सीईओ को ज्ञापन सौंपकर महेंद्र साहू की पदस्थापना नहीं किए जाने की मांग की।
लगातार तीन बार स्थानांतरण और हर जगह हो रहे विरोध के चलते यह मामला अब जनपद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *