टिकेंद्र वर्मा की रिपोर्ट…..
पाटन । विकासखंड पाटन के ग्राम कौही स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के पास संचालित ईंट भट्ठों से फैल रहे प्रदूषण पर कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित स्कूली बच्चों और पालकों ने मंगलवार को स्कूल में तालाबंदी कर दी। इस दौरान बच्चों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।
बताया गया कि स्कूल परिसर के समीप संचालित ईंट भट्ठों से निकलने वाला धुआं और राख लगातार विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहे हैं। कक्षाओं के दौरान धुएं के कारण बच्चों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत हो रही है। इस संबंध में पालकों द्वारा पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पाटन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जाने से आक्रोश बढ़ गया।
मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में पालक और छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। बच्चों ने “प्रदूषण बंद करो”, “भट्ठे हटाओ, बच्चों को बचाओ” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पालकों ने स्पष्ट कहा कि जब तक भट्ठों का संचालन बंद नहीं किया जाता, तब तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।
