दुर्ग में अवैध लकड़ी तस्करी पर शिकंजा, चार वाहन पकड़े गए

दुर्ग। वन विभाग दुर्ग द्वारा अवैध काष्ठ परिवहन के विरुद्ध 23 एवं 24 फरवरी 2026 को विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अवैध लकड़ी से लदे चार वाहनों को जब्त किया गया।
प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर वनमंडलाधिकारी दुर्ग के निर्देशन एवं उप वनमंडलाधिकारी के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल दुर्ग वृत्त तथा परिक्षेत्र सहायक भिलाई-03 की संयुक्त टीम ने प्रातः 3 बजे से 6 बजे तक विशेष रात्रि गश्त की। गश्त के दौरान अवैध रूप से काष्ठ परिवहन करते हुए चार वाहन पकड़े गए।
जब्त वाहनों में वाहन क्रमांक सीजी-10सी 3389 एवं टाटा 1109 क्रमांक सीजी-08 एल 3736 से कहुआ मिश्रित जलाऊ लकड़ी, टाटा 1109 क्रमांक सीजी-04 जेसी 9290 से कहुआ मिश्रित गोला तथा टाटा 1109 क्रमांक सीजी-04 एमएफ 6945 से कहुआ मिश्रित जलाऊ लकड़ी बरामद की गई। सभी वाहनों को विधिवत जब्त कर पुलगांव एवं पाटन डिपो में जमा कराया गया है।
वन विभाग ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 79/11 दिनांक 23 फरवरी 2026 तथा 91/3, 91/4, 91/5 दिनांक 24 फरवरी 2026 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
वनमंडलाधिकारी ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध काष्ठ परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध सघन गश्त और कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *