पाटन। पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला गभरा में वार्षिक उत्सव उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कीर्ति नायक जनपद अध्यक्ष, पाटन उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में जनपद अध्यक्ष ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के माध्यम से ही हम एक सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को मेहनत, ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि पाटन क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार को आश्वस्त किया कि शिक्षा के क्षेत्र में जो भी आवश्यक सहयोग होगा, जनपद पंचायत पाटन की ओर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों में अपार प्रतिभा छिपी होती है, आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और अवसर की होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र की दिशा तय करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी तथा कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि अनुशासन और समर्पण ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति, नृत्य, गीत एवं नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसकी मुख्य अतिथि ने सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर सरपंच, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
