पतोरा पंचायत सचिव महेंद्र साहू का स्थानांतरण, नरेश महतो होंगे नए सचिव

पाटन। ग्राम पंचायत पतोरा में पदस्थ सचिव महेंद्र साहू के स्थानांतरण को लेकर चल रहे विवाद और ग्रामीणों के आंदोलन के बीच आखिरकार प्रशासन ने कार्रवाई कर दी है। जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ बजरंग दुबे ने सचिव महेंद्र साहू का स्थानांतरण आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार महेंद्र साहू को ग्राम पंचायत जामगांव (आर) में पदस्थ किया गया है, वहीं उनके स्थान पर नरेश महतो को ग्राम पंचायत पतोरा का नया सचिव बनाया गया है।
गौरतलब है कि सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों द्वारा सचिव के स्थानांतरण की मांग को लेकर दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया था। चेतावनी के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पंचायत भवन में तालाबंदी की तैयारी की जा रही थी। लगातार शिकायतों और ज्ञापनों के बाद प्रशासन हरकत में आया।
ग्रामीणों का आरोप था कि सचिव की कार्यप्रणाली से पंचायत की शासकीय गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं, जिसके चलते जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए स्थानांतरण आदेश जारी किया।
स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में संतोष का माहौल है। सरपंच व पंचों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *