पाटन। प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा गर्ल एजुकेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 किमी रन का आयोजन किया गया। इस जागरूकता दौड़ में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं फैकल्टी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में लड़कियों की शिक्षा के महत्व को रेखांकित करना और इसके प्रति सकारात्मक संदेश देना था। रन में शामिल प्रतिभागियों ने गर्ल एजुकेशन के समर्थन में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रतियोगिता को आयु वर्ग के अनुसार चार श्रेणियों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को उपहार प्रदान किए गए। साथ ही, सबसे कम समय में दौड़ पूरी करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कॉलेज की निदेशक ख्याति साहू ने कहा, “हम गर्ल एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस रन के माध्यम से समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है। हमें उम्मीद है कि यह पहल सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगी।”
प्रिज्म ग्रुप के चेयरमैन रूपेश गुप्ता ने कहा, “गर्ल एजुकेशन को बढ़ावा देना हमारा प्रमुख उद्देश्य है। इसी दिशा में हमने संस्थान में कुछ पाठ्यक्रमों में बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा देने का संकल्प लिया है। इस आयोजन ने हमारे संकल्प को और मजबूत किया है।”
आयोजन की सफलता में प्रिज्म स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कॉलेज डायरेक्टर असीम साहू ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जाहिर की।
