पाटन। परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा अंतर्गत स्थानीय साहू समाज करसा के तत्वावधान में बुधवार को राजिम लोचन संध्या आरती का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेन्द्र साहू, संगठन सचिव तहसील साहू संघ पाटन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता किशन हिरवानी, अध्यक्ष परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जागेश्वर साहू, उपाध्यक्ष तहसील साहू संघ दुर्ग ग्रामीण एवं अर्जुन गजपाल, संगठन सचिव परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सुरेन्द्र साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज संगठन की सबसे मजबूत कड़ी स्थानीय इकाई होती है। स्थानीय स्तर पर समाज जितना सशक्त होगा, संगठन उतना ही अधिक मजबूत बनेगा। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी समाज की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाए और संगठन को नई दिशा दे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में किशन हिरवानी ने राजिम माता संध्या आरती के सफल आयोजन हेतु स्थानीय साहू समाज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजिम माता ने अपने त्याग और तपस्या से भगवान विष्णु को प्रसन्न किया, और उन्हीं के नाम पर आज राजिम नगर प्रसिद्ध है।धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के निरंतर आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं।
विशेष अतिथि जागेश्वर साहू ने नशे को सामाजिक बुराई बताते हुए कहा कि इसे जड़ से समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
इस अवसर पर टिकेंद्र साहू समाज द्वारा कक्षा 12 वीं की छात्रा हेमा साहू, 10वीं की छात्रा आकृति एवं आठवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली भूमिका साहू को नगद राशि भेंट कर सम्मान किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में दुर्वासा साहू ने स्वागत भाषण देते हुए समाज के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से रघुनाथ साहू, अशोक साहू, दीपक साहू, किरण साहू, रुक्मणि साहू, भूपेंद्र साहू, नंदू साहू, रवि साहू, हिमांशु साहू, योगिता साहू ,केवल साहू, झम्मन साहू,गेंदराम साहू,अयोध्या साहू, उदय राम,बलदाऊ साहू,होमन साहू केशरीनंदन साहू, लोमश साहू,दूजे राम, हेमंत साहू,फेकूराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
