सिरकट्टी धाम में 51, कुण्डीय श्रीरामचरित मानस महायज्ञ हेतु अस्थायी यज्ञशाला का भूमिपूजन और ध्वजारोहण,,

खबर हेमंत तिवारी,,,,,,,, ✍️✍️✍️

राजेश्री महंत रामसुंदर दास और विधायक रोहित साहू की उपस्थिति में हुआ भव्य समारोह ,,,,,

पाण्डुका (राजिम):- धर्म और अध्यात्म के प्रमुख केंद्र चतुर्भुज आश्रम सिरकट्टी कुटेना में आगामी 06 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले 51 कुण्डीय श्रीरामचरित मानस महायज्ञ के लिए अस्थायी यज्ञशाला के निर्माण हेतु रविवार को शुभ मुहूर्त में भूमिपूजन और ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दुधाधारी मठ के महंत राजेश्री डॉ रामसुंदर दास, राजिम विधानसभा के विधायक रोहित साहू, संत गोवर्धन शरण महराज,महंत निर्मल दास,जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, नंदनी ओंकार साहू, इंद्रजीत महाड़ीक, जनपद अध्यक्ष मगरलोड वीरेंद्र साहू, जनपद सदस्य छुरा युवराज साहू, टीकम साहू,सरपंच संघ अध्यक्ष फिंगेश्वर हरीश साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष छुरा पन्नालाल ध्रुव सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे,

जिनकी उपस्थिति में यह अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस पुनीत कार्य में पूज्य राजेश्री महंत डॉ रामसुंदर दास ने विशेष रूप से शिरकत की। उनके कर-कमलों द्वारा ही विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ भूमिपूजन और ध्वजारोहण की प्रक्रिया पूरी की गई। राजेश्री महंत ने इस अवसर पर अपने आशीर्वचनों में कहा कि श्रीरामचरित मानस महायज्ञ का आयोजन लोक-कल्याण और धर्म की स्थापना के लिए किया जा रहा है। यह यज्ञ न केवल वातावरण को शुद्ध करेगा बल्कि जन-जन के हृदय में रामचरित मानस के आदर्शों को भी स्थापित करेगा। उन्होंने सभी भक्तों से यज्ञ में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार मंत्रों की गूंज के बीच भूमिपूजन संपन्न किया गया तथा धार्मिक परंपरा के अनुसार, यज्ञ की सफलता और निर्विघ्न समाप्ति की कामना के साथ धर्म ध्वजा फहराई गई। विधायक रोहित साहू ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह महायज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि समाज में सद्भावना और एकता का संदेश भी प्रसारित करेगा। उन्होंने इस विशाल आयोजन के लिए ब्रम्हलीन संत सिया भुनेश्वरी शरण व्यास जी के कृपापात्र संत गोवर्धन शरण महराज के प्रयासों की सराहना की और यज्ञ की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने आगे कहा कि श्रीरामचरित मानस भारतीय संस्कृति का प्राण है, और 51 कुण्डीय महायज्ञ का यह आयोजन आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगा। कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, जनपद अध्यक्ष मगरलोड वीरेंद्र साहू तथा अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। ध्वज के फहरते ही उपस्थित भक्तों ने ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। यह महायज्ञ 07 दिनों तक चलेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य विश्व शांति, सद्भाव और सनातन धर्म की महत्ता का प्रचार-प्रसार करना है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भूमिपूजन के तुरंत बाद अस्थायी यज्ञशाला के निर्माण कार्य को तीव्र गति से शुरू कर दिया जाएगा, ताकि महायज्ञ के विधिवत आरंभ से पहले सभी तैयारियां पूरी की जा सकें। यह 51 कुण्डीय महायज्ञ न केवल इस क्षेत्र के लिए बल्कि समस्त धर्मप्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय और प्रेरणादायक धार्मिक आयोजन साबित होगा। उक्त कार्यक्रम का संचालन भुनेश्वर साहू ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *