सरपंच संघ पाटन ब्लॉक की बैठक में पंचायत हित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

पाटन। सरपंच संघ पाटन ब्लॉक की बैठक शनिवार को विश्राम गृह पाटन में आयोजित की गई, जिसमें सरपंचों एवं पंचायत हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक के उपरांत सरपंच संघ के अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्राप्त 15वें वित्त की राशि शीघ्र पंचायतों को प्रदान की जाए। साथ ही गांवों में लगे हाईमास्ट एवं सोलर लाइट की मरम्मत निशुल्क कराए जाने, तथा स्थापित सोलर पंपों की खराबी को दूर कर समय-सीमा में सुधार कार्य पूर्ण करने की मांग की गई।

उन्होंने आगे कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष से लंबित मनरेगा के कार्यों को तत्काल स्वीकृति दी जाए।

पंचायतों को मिलने वाली मूलभूत राशि 2011 की जनगणना के अनुसार आवंटित होती है, जिसे वर्तमान जनसंख्या वर्ष 2025 के आधार पर आवंटित किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में यह भी कहा गया कि जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र के अधिकांश गांवों में जल जीवन मिशन के कार्य आज भी अपूर्ण हैं, जिन्हें गर्मी के पहले पूरा कराए जाने की आवश्यकता है, अन्यथा पेयजल संकट खड़ा हो सकता है।

इसके अलावा जिला खनिज निधि (DMF) की अप्राप्त राशि को भी जल्द जारी कराने की मांग की गई।

सरपंच संघ ने सरपंचों के मानदेय को ₹4000 से बढ़ाकर ₹10000 प्रतिमाह करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि को बढ़ाकर शहरी क्षेत्र की तर्ज पर ₹2,50,000 किए जाने का भी प्रस्ताव रखा।

बैठक में प्रमुख रूप से सरपंच संघ अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला, महेश कुमार, मोहित विश्वकर्मा, खिलेंद्र देशमुख, जीवधन ठाकुर, खिलेश मारकंडे, सोनिया थानेश्वर यादव, रमाकांत साहू, सत्यनारायण टिकरिया, जीवनलाल ठाकुर, निर्मला साहू, अमित अग्रवाल, विपिन चंद्राकर, रामेश्वरी चंद्राकर, अमित हिरवानी,  कौशल्या साहू, योगेंद्र साहू, एमन आठे, देवकी साहू, हुकुमचंद निषाद, राजेश ठाकुर, डॉ. ईश्वर निषाद, तोरन लाल साहू सहित अनेक सरपंच व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *