स्कूली शिक्षिका के अपहरण की साजिश का खुलासा

  • पुलिस ने कुछ घंटों में ही अपहृता को किया दस्तयाब
  • आरोपी ने मांगी थी 5 लाख रुपये फिरौती, गिरफ्तार

दुर्ग। दिनांक 28.11.2025 को एक स्कूली शिक्षिका के अपहरण की सूचना पर दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर अपहृता को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना छावनी में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी, जो स्नेह सम्पदा स्कूल में कार्यरत है, उसे फोन कर कार्यस्थल जाने की जानकारी देकर घर से निकली थी। कुछ समय बाद प्रार्थी के मोबाइल पर उसकी पत्नी के नंबर से कॉल आया, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि उसने महिला का अपहरण कर लिया है और 5 लाख रुपये फिरौती की मांग की है। रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 615/2025, धारा 140(2), 127(8), 308(5) बीएनएस एवं 66-डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसीसीयू, थाना स्टाफ, मुखबिर और टेक्निकल टीमों को तुरंत सक्रिय कर साक्ष्य एकत्र किए गए।

जांच के दौरान स्नेह सम्पदा स्कूल में बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो चालक इन्तखाब आलम से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि पिछले 2-3 वर्षों से वह शिक्षिका को मिलाई से स्कूल छोड़ने-ले जाने का कार्य करता था। इस दौरान उसने अपनी गरीबी और कर्ज का हवाला देकर महिला की सहानुभूति हासिल कर ली थी, जिसके चलते महिला समय-समय पर उसकी आर्थिक मदद भी कर देती थी।

घटना वाले दिन आरोपी ने अपहरण की झूठी धमकी देकर शिक्षिका के पति से 5 लाख रुपये वसूलने की योजना बनाई और कॉल कर फिरौती की मांग की थी। किन्तु पुलिस की समय पर कार्रवाई से उसकी यह साजिश फेल हो गई।

पुलिस ने आरोपी इन्तखाब आलम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन, अपहृता का सिम कार्ड और उपयोग में लिया गया ऑटो जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी

इन्तखाब आलम (42 वर्ष)
निवासी: सुभाष चौक, केम्प-1, छावनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *