ग्रामीणों की सुविधा के लिए पतोरा में विभागीय शिविर का आयोजन, बड़ी संख्या में पहुंचे हितग्राही

पाटन। ग्राम पतोरा में सहकारी एवं उद्योग स्थाई समिति जनपद पंचायत पाटन द्वारा गुरुवार को एक दिवसीय बहुद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना, उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना तथा विभागीय समस्याओं का त्वरित समाधान करना था।

शिविर में आधार कार्ड सुधार एवं अपडेट, खादी ग्रामोद्योग योजनाओं, उद्योग विभाग से ऋण एवं प्रशिक्षण सुविधाओं, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, जिला अंत्यव्यवसाय विभाग की स्व-रोजगार योजनाओं, तथा श्रम विभाग से संबंधित पंजीयन एवं श्रमिक कार्ड की प्रक्रिया के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए।
ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक शिविर में भाग लेकर विभागीय अधिकारियों से अपनी समस्याओं का समाधान कराया। कई हितग्राहियों ने मौके पर ही आवेदन जमा कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज पूरे करवाए।

शिविर के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं, सब्सिडी, ऋण प्रावधानों और स्व-रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी। इससे युवाओं, महिलाओं और श्रमिक वर्ग में नई संभावनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी।

मौके पर सरपंच भुनेश्वर साहू ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनहितकारी योजनाओं का लाभ तेजी से पहुँचता है।

इस अवसर पर सरपंच भुनेश्वर साहू ,जनपद सदस्य चंद्रिका कलिहारी, उपसरपंच देवचरण कौशल, दिलेश्वरी साहू, सरस्वती साहू, कमलेश्वरी साहू, दीपक साहू, जितेंद्र देवांगन,महेंद्र साहू, नीलेश्वर साहू, चोवा राम साहू, प्रेमलता साहू, राधे साहू, मनोज साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *