धरातल पर सबसे मजबूत स्तंभ—आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जिनके बिना कोई योजना संभव नहीं

  • महतारी वंदन से SIR तक—आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर काम का पहाड़, सम्मान शून्य

महिला एवं बाल विकास विभाग, जिसे शासन–प्रशासन का धरातलीय “सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम” कहा जा सकता है, हर बड़े आयोजन, सर्वे, जनगणना या चुनावी प्रक्रिया का केंद्र रहता है। इस विभाग की धुरी—आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं—वास्तव में वह शक्ति हैं जो रोज़ाना असंभव को संभव बनाती हैं। ये कार्यकर्ता एक कर्मचारी की तनख्वाह पर काम करती हैं, लेकिन कई बार इनके काम में पूरा परिवार शामिल हो जाता है।

महतारी वंदन योजना: रिकॉर्ड समय में कार्यान्वयन

वर्तमान में शासन की प्रमुख चुनावी योजना ‘महतारी वंदन’ इसी विभाग से जुड़ी है। रिकॉर्ड समय में इसे लागू कराने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों ने दिन-रात मेहनत कर अद्भुत सहयोग दिया। कई कार्यकर्ताओं ने रातभर जागकर फॉर्म भरे, लाभार्थियों की जानकारी दर्ज की और गांव-गांव पहुंचकर काम पूरा किया।फिर भी लांचिंग कार्यक्रम हो या महतारी सम्मेलन—किसी को सम्मान योग्य नहीं समझा गया, उल्टे छोटी-सी गलती पर फटकार जरूर मिली होगी।


SIR और BLO की दोहरी जिम्मेदारी

आज चुनाव संबंधी SIR कार्य में भी वही कार्यकर्ता जुटी हैं, जो अधिकतर BLO भी होती हैं।
एक तरफ विभागीय जिम्मेदारियां—
✔ बच्चों को पोषण आहार देना
✔ THR पैकेट वितरण और फोटो अपलोड
✔ बच्चों की ऊँचाई–वजन मापकर ऐप में एंट्री
✔ शिक्षण एवं गतिविधियाँ

दूसरी तरफ चुनावी काम—
✔ SIR फॉर्म बांटना
✔ रिश्तेदारों की जानकारी जुटाना
✔ खाली फॉर्म भरना
✔ ऑनलाइन अपलोड
✔ समय-सीमा का दबाव

इसके साथ इन्हें परिवार भी संभालना पड़ता है। वाकई गजब का साहस और आत्मबल है आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में।


सम्मान की कमी – संघर्ष ज्यादा

ग्राम स्तर पर मितानिनों का सम्मान हर जगह दिखता है, पर क्या कभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक सम्मान देखा है?
अपनी आंगनबाड़ी की छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए भी इन्हें पंचायत में बार-बार कहना पड़ता है, जैसे मानो अपने घर का निजी काम बता रही हों।

फिर भी…ये महिलाएं बिना उफ किए, बिना थके, काम खत्म होने तक लगी रहती हैं। और यह काम कभी खत्म नहीं होता।


ऑनलाइन अटेंडेंस का असली बोझ

जहाँ कुछ विभागों में ऑनलाइन अटेंडेंस लागू होते ही विरोध शुरू हो गया था, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता—
✔ अपनी लोकेशन-टैग अटेंडेंस
✔ बच्चों की उपस्थिति
✔ हितग्राहियों का डाटा
✔ THR वितरण का FACE RECOGNITION
✔ प्रतिदिन 3–4 ऐप लॉगिन
✔ सभी योजनाओं की डिजिटल एंट्री

सब कुछ बिना आवाज किए संभाल रही हैं। इन्हीं के समर्पण से विभाग की हर सेवा समय पर पूरा होती है।


सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समर्पित…
साभार –सुमीत गंडेचा,परियोजना अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *