पतोरा सरपंच ने मुख्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त गति अवरोधक दुरुस्त कराने की मांग

पाटन। दुर्ग–पाटन मुख्य मार्ग पर विधानसभा पाटन के प्रवेश द्वार ग्राम पतोरा में आवागमन लगातार जोखिमपूर्ण होता जा रहा है। क्षेत्र में सिक्स लेन सड़क निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है, जिसके चलते प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे, बड़े एवं भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। भारी वाहनों के अत्यधिक ओवरलोड रहने से सड़क का दबाव बढ़ गया है और इसी कारण दुर्गावती चौक तथा देउरझाल चौक के बीच बने प्रमुख गति अवरोधक पूरी तरह उखड़ चुके हैं।

गति अवरोधक क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों की रफ्तार अनियंत्रित रहती है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएँ होना आम बात हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में कई दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालक तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना का शिकार हुए हैं। स्कूल आने–जाने वाले छात्रों एवं पैदल यात्रियों के लिए भी स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है।

ग्राम पंचायत पतोरा के सरपंच ने संबंधित निर्माण एजेंसी एवं लोक निर्माण विभाग को समाचार पत्र के माध्यम से गति अवरोधक को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने की मांग की है। सरपंच का कहना है कि जब तक गति अवरोधक पुनः नहीं बनाए जाते, तब तक दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाना मुश्किल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *