- ऑपरेशन विश्वास के तहत उतई पुलिस की त्वरित कार्रवाई
उतई। थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत कोडिया में लगे सीसीटीवी कैमरे चोरी करने और पंचायत भवन के सामने लगे 14 खंभों को नुकसान पहुँचाने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ऑपरेशन विश्वास के तहत उतई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
घटना 23 नवंबर की रात की है, जब अज्ञात लोगों ने पंचायत भवन में लगाए गए कैमरों को चोरी कर लिया था और 14 पोल को उखाड़ने व मोड़ने का प्रयास किया था। मामले में सरपंच प्रतिनिधि कुमार निषाद ने 24 नवंबर को थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध करते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर कुछ युवकों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे रात्रि में पंचायत भवन के पास बैठते थे और लाइट बंद होने के बाद चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने कैमरों को चोरी कर पास स्थित तालाब में फेंकने की जानकारी भी दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तालाब से चोरी किए गए सीसीटीवी कैमरे बरामद कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 472/2025 के तहत धारा 303(2), 324(4), 112 बीएनएस एवं लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के अंतर्गत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी
- पीयूष साहू (23 वर्ष)
- नीरज उर्फ पप्पू साहू (21 वर्ष)
- लोमेंद्र यादव उर्फ छोटू (25 वर्ष)
- खिलेंद्र निषाद उर्फ छोटू (20 वर्ष)
- तुषार यादव उर्फ तेजेश्वर (21 वर्ष)
- लोकेश साहू (23 वर्ष)
- राजेंद्र निषाद उर्फ सोनू (25 वर्ष)
- नरेंद्र यादव (24 वर्ष)
- बहुत साहू (24 वर्ष)
सभी निवासी – ग्राम कोड़िया, थाना उतई, जिला दुर्ग।
गिरफ्तारी दिनांक : 25 नवंबर 2025
पुलिस टीम में निरीक्षक महेश ध्रुव, उपनिरीक्षक प्रमोद सिन्हा, आरक्षक ध्रुव नारायण चंद्राकर, दिलीप सिदार, महेश यादव, और टिकेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने कहा है कि शरारती एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
