- कपड़ों में लिपटी मिली नन्ही ज़िंदगी — खर्रा गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना
टिकेंद्र वर्मा@रानीतराई। क्षेत्र के ग्राम खर्रा में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात निर्दयी माता-पिता ने अपनी मासूम नवजात बच्ची को हनुमान मंदिर में छोड़कर फरार हो गए। बुधवार की सुबह लगभग पाँच बजे यह घटना सामने आई, जब कुछ युवक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।
युवाओं ने मंदिर के पास से रोने की आवाज सुनी, पास जाकर देखा तो वहाँ कपड़े में लिपटी एक नन्ही सी बच्ची रखी हुई थी। हिम्मत जुटाकर जब कपड़ा हटाया गया तो पता चला कि बच्ची गर्म कपड़ों में लिपटी, स्वस्थ अवस्था में सोई हुई है। पहले ग्रामीणों को लगा कि कोई भूलवश बच्ची को वहीं छोड़ गया होगा, लेकिन आसपास पूछताछ करने पर जब किसी ने बच्ची की पहचान नहीं की तो लोगों को पूरे मामले का अंदेशा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में चर्चा फैल गई और मंदिर के पास लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने निर्दयी माता-पिता को कोसते हुए तत्काल रानीतराई पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित रूप से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 93 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। इस घटना से क्षेत्र में गहरा आक्रोश और संवेदना का माहौल है।
