- ग्राम डुण्डेरा से शुरू हुई कड़ी, चार आरोपी गिरफ्तार – गांजा, मोबाइल और बाइक जब्त
दुर्ग। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन “विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उतई थाना पुलिस ने गांजा की अवैध बिक्री में लिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से मादक पदार्थ गांजा, मोबाइल फोन और मोटरसायकल जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डुण्डेरा मोरिद रोड गार्डन में दो युवक मोटरसायकल क्रमांक CG 07 L 4595 में सवार होकर अवैध रूप से गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर थाना उतई पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बताए हुलिए के अनुसार दोनों युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में दोनों की पहचान सिद्धार्थ मेश्राम (23 वर्ष) एवं यन्सु वर्मा (19 वर्ष) निवासी ग्राम डुण्डेरा के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से प्लास्टिक पॉलिथीन में रखा 1 किलो 408 ग्राम गांजा बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपियों से गांजा, मोबाइल फोन और मोटरसायकल जब्त कर कार्यवाही की गई। पूछताछ में यन्सु वर्मा ने बताया कि उसने यह गांजा विजयकांत वर्मा निवासी ग्राम मटिया से खरीदा था। आगे की जांच में विजयकांत वर्मा ने खुलासा किया कि उसने यह गांजा संजीव वर्मा निवासी ग्राम बठैना से प्राप्त किया था। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
