- बहू ने की अपनी दादी सास की हत्या, मामूली विवाद बना जानलेवा आरोपिया गिरफ्तार
दुर्ग। थाना नंदिनी नगर पुलिस ने ग्राम गोढ़ी में घटित हत्या के मामले का खुलासा मात्र 24 घंटे के भीतर कर दिया है। पुलिस ने मृतका की बहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दिनांक 16.10.2025 को ग्राम गोढ़ी निवासी प्रार्थी सुरेन्द्र वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मां उर्मिला वर्मा घर पर बहू रोशनी वर्मा के साथ थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य कार्य पर गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसियों से सूचना मिलने पर जब वह घर पहुँचा तो उसकी मां बेडरूम में रक्तरंजित अवस्था में मृत पड़ी थीं। उनके सिर में गंभीर चोट के निशान थे और खून बह रहा था।
रिपोर्ट पर थाना नंदिनी नगर में अप.क्र. 261/2025 धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान संदेही रोशनी वर्मा से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपिया ने बताया कि मृतका दादी सास उसके हाथ का खाना नहीं खाती थीं और आए दिन ताने मारती थीं। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर उसने घर में रखे लोहे के हथौड़े से उर्मिला वर्मा के सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपिया की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ा जप्त कर लिया और उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
