रायपुर, 12 अक्टूबर 2025।पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर सहित प्रदेश के समस्त विश्वविद्यालयों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अक्टूबर माह की पेंशन अब तक प्राप्त नहीं हुई है। दीपावली जैसे प्रमुख त्यौहारों के नजदीक आने के बावजूद पेंशन का भुगतान न होने से सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों में गहरी नाराज़गी है।
छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंशनर कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र और सचिव शिरीष त्रिवेदी ने बताया कि पेंशन भुगतान में लगातार देरी से बुजुर्ग पेंशनभोगियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई पेंशनर अपनी दैनिक दवाई, उपचार और घर-गृहस्थी के खर्च पूरे करने के लिए उधार लेने को मजबूर हैं।नेता द्वय ने बताया कि पिछले वर्ष भी दशहरा और दीपावली के समय दो माह तक पेंशन नहीं मिली थी।
इस बार भी 12 दिनों से पेंशन लंबित है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।मिश्र ने कहा, “नियमित कर्मचारियों की तरह सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी उसी माह में पेंशन मिलनी चाहिए। शासन ने इसके लिए आदेश जारी कर रखा है, किंतु विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित विभागों की उदासीनता के कारण वृद्धजन त्योहारों के समय आर्थिक संकट में हैं।”उन्होंने राज्य शासन से मांग की है कि पेंशन भुगतान के लिए वार्षिक बजट में स्थायी प्रावधान किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने और सेवानिवृत्त कर्मचारी सम्मानपूर्वक अपना जीवनयापन कर सकें।
