समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामाधार शर्मा ने शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र
विक्रम शाह ठाकुर
कुम्हारी। वर्षों से कुम्हारी बाजार चौक स्थित शासकीय कन्या हाई स्कूल विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है लगभग 850 अध्यनरत विद्यार्थियों वाले इस स्कूल में कुम्हारी के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बच्चे पढ़ने आते हैं। यह विद्यालय सबसे पुराने विद्यालय में से एक है। गौरतलब है कि विगत वर्षों में नगर के कई विद्यालयों के लिए पर्याप्त कार्य हुए लेकिन इस विद्यालय की किसी ने अबतक सुध नही ली। सुरक्षा की दृष्टि से भी इस विद्यालय की हालत दयनीय है जीर्ण शीर्ण दीवारों की ऊंचाई भी इतनी कम है कि कोई भी इसे आसानी से फांद सकता है जिससे शासकीय सम्पतियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठते हैं इसके अलावा शौचालय, खेल मैदान के अलावा सी सी टीवी कैमरे के अभाव में यहां आपराधिक गतिविधियों से भी इंकार नही किया जा सकता। चूंकि नगर के मध्य स्थित यह स्कूल दुकानों और घरों से घिरा हुआ है ऐसे में उनके लिए तकलीफ और बढ़ जाती है। इन्ही गंभीर समस्याओं के मद्देनजर वर्तमान शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष रामाधार शर्मा ने स्कूल शिक्षा मंत्री (छ ग शासन) को एक पत्र प्रेषित कर यहां की समस्याओं की ओर ध्यानाकर्षित किया है अपने पत्र में उन्होंने बालक बालिकाओं के लिए सुविधायुक्त शौचालय सहित शाला के बाउंड्रीवाल, टेबल बेंच, प्राचार्य कक्ष, व्यवस्थित खेल मैदान, शुद्ध पेयजल हेतु वाटर प्यूरीफायर एवं 30 नग पंखे की मांग की है। इन सबके अलावा उच्च कक्षा के विद्यार्थियों हेतु सुसज्जित वाचनालय, विज्ञान प्रयोगशाला एवं प्रयोगशाला शिक्षक की भी मांग की है ताकि वर्षों से उपेक्षा का दंश झेल रहे यह विद्यालय भी शिक्षा के क्षेत्र में एक मॉडल बन विद्यार्थियों का सुंदर भविष्य गढ़ सके।
