भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) भिलाई के सहायक प्राध्यापक व प्रख्यात शोधकर्ता डॉ. हरीश कुमार घृतलहरे ने एक और उपलब्धि हासिल की है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय (अमेरिका) एवं एल्सेवियर (Elsevier) द्वारा जारी विश्व के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची (Top 2% Scientists) में डॉ. घृतलहरे का नाम लगातार चौथे वर्ष (2022, 2023, 2024 एवं 2025) शामिल किया गया है।
डॉ. घृतलहरे ने Enabling & Strategic Technologies के Energy उपक्षेत्र में शोध कार्य किया है। उन्हें इस सूची में वैश्विक रैंक 1,21,858 तथा उपक्षेत्रीय रैंक 3705 प्राप्त हुआ है। उनके H-Index 10 और Hm-Index 5 दर्ज किए गए हैं, जो उनके शोध की महत्ता और प्रभाव को दर्शाते हैं।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार व तकनीकी शिक्षा विभाग में हर्ष व्याप्त है। कुलपति सहित सभी प्राध्यापक एवं शोधार्थियों ने डॉ. घृतलहरे को शुभकामनाएँ दीं और इसे छत्तीसगढ़ की तकनीकी शिक्षा और शोध के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
कुलपति प्रो. अरोरा ने बधाई देते हुए कहा कि “डॉ. हरीश घृतलहरे ने अपने अनुसंधान और निरंतर प्रयास से विश्वविद्यालय एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। यह आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है।”
डॉ. घृतलहरे ने अपनी सफलता का श्रेय अपने मार्गदर्शकों, सहकर्मियों, विद्यार्थियों और परिवार को देते हुए कहा कि वे आगे भी ऊर्जा क्षेत्र और रणनीतिक प्रौद्योगिकियों में समाजोपयोगी शोध कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
