पाटन। ग्राम पंचायत देवादा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 19 हितग्राहियों को प्रथम किस्त के रूप में 40-40 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खाते में अंतरित की गई है।
ग्राम पंचायत सरपंच लक्ष्मी नीलू वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराना है। पंचायत के अन्य पात्र हितग्राहियों को भी शीघ्र ही इस योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
इस अवसर पर पंचायत सचिव धर्मेंद्र वर्मा एवं रोजगार सहायक उत्तम जोशी ने बताया कि राशि मिलने के बाद हितग्राही जल्द ही आवास निर्माण कार्य प्रारंभ कर सकेंगे। साथ ही उन्होंने हितग्राहियों से समय पर मकान निर्माण पूर्ण करने की अपील भी की। मौके पर प्रमुख रूप से शम्भु साहू,प्यारे लाल,कचरा बाई, रूपेंद्र यादव, मोहन लाल सहित अन्य उपस्थित थे।
