दुर्ग। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के तहत बीते 24 घंटे में दुर्ग, बेमेतरा और बालोद जिलों में पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। 250 से अधिक स्थानों पर एक साथ दबिश देकर 200 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इस अभियान में 80 से अधिक विशेष टीमें और 500 से ज्यादा जवान शामिल रहे। छापामारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 किलो गांजा, 126 लीटर अवैध शराब और नशीली टैबलेट्स जब्त कीं।
जिला-वार कार्रवाई
दुर्ग जिला : 160 स्थानों पर दबिश, 120 आरोपी गिरफ्तार। इनमें 16 प्रकरण NDPS एक्ट, 23 प्रकरण आबकारी एक्ट और 89 प्रकरण प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के अंतर्गत दर्ज हुए।
बेमेतरा जिला : 60 स्थानों पर दबिश, 39 आरोपी गिरफ्तार। आरोपियों के खिलाफ NDPS, आबकारी और प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई।
बालोद जिला : 50 स्थानों पर दबिश, 31 आरोपी गिरफ्तार। इनमें 4 प्रकरण NDPS एक्ट, 4 आबकारी एक्ट और 23 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में दर्ज किए गए।
अभियान का उद्देश्य गली-मोहल्लों और छोटी दुकानों के माध्यम से नशा फैलाने वाले छोटे पैडलर्स के नेटवर्क को खत्म करना बताया गया है।
पुलिस का संदेश
इस व्यापक कार्रवाई से पुलिस ने साफ कर दिया है कि नशे के कारोबारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि यह मिशन समाज में शांति व सुरक्षा बनाए रखने और युवाओं को नशे की चपेट से बचाने की दिशा में एक बड़ी पहल है।
