पाटन। विद्या भारती जिला स्तरीय खेल-कूद एवं संस्कृति महोत्सव का आयोजन अहिवारा प्रह्लाद वर्ग में किया गया, जिसमें सरस्वती शिशु मंदिर, तरीघाट के भैया-बहनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी और विद्यालय का परचम लहराया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में प्रांत उपाध्यक्ष ठाकुर राम कुर्रे, अध्यक्ष पंचूलाल मारकण्डे, सचिव नरेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष राजेश यादव, जिला अध्यक्ष सुश्री सुनीता धनकर एवं अहिवारा नगर अध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किए। गणित प्रादर्श में संस्कार देवांगन ने प्रथम, विज्ञान प्रादर्श में डिगेश साहू एवं अपर्णा ने प्रथम, चित्रकला में दामिनी, मूर्तिकला में समीर तथा लोकनृत्य में तवाफेक व मंयक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कुणाल ने बाल्टी बाल में प्रथम और कामना ने कुर्सी दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रधानाचार्य देवनारायण साहू ने सभी विजेता भैया-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने संस्थान का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिभागी अब 17 एवं 18 सितम्बर को प्रांत स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता में बासीन (गरियाबंद) तथा 4 एवं 5 अक्टूबर को कोनी (बिलासपुर) में हिस्सा लेंगे।
