आईडीबीआई बैंक द्वारा विशेष कैंपेन, मानिकचौरी में हितग्राहियों के खुले जनधन खाते

पाटन। आईडीबीआई बैंक गोंडपेंड्री शाखा की ओर से सैचुरेशन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम मानिकचौरी में एक दिवसीय विशेष कैंपेन आयोजित किया गया।
इस कैंपेन में उन सभी हितग्राहियों के जनधन खाते खोले गए, जिनका खाता अब तक नहीं खुल पाया था। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेवाई) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) से जुड़े हितग्राहियों का पुनः केवाईसी (KYC) किया गया।

शाखा प्रमुख मानस रंजन करण ने बताया कि बैंक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों के हर परिवार को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना है, ताकि कोई भी हितग्राही सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जनधन योजना के तहत लोगों को न सिर्फ शून्य बैलेंस पर खाता खोलने की सुविधा मिलती है, बल्कि रूपे डेबिट कार्ड, दुर्घटना बीमा और ओवरड्राफ्ट जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

इस अवसर पर बैंक सखी ने भी ग्रामीण महिलाओं को योजनाओं से होने वाले फायदों की जानकारी दी और उन्हें डिजिटल बैंकिंग का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। ग्राम सरपंच महेश साहू ने बैंक की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में ऐसे अभियान बेहद आवश्यक हैं, क्योंकि इससे आमजन तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचता है। कार्यक्रम के दौरान बैंक शाखा प्रमुख मानस रंजन करण, बैंक सखी एवं ग्राम सरपंच महेश साहू उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *