सिवनीखुर्द।शाला प्रबंधन समिति सिवनीखुर्द एवं शाला परिवार की ओर से संकुल स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तेलचित्र पर पूजा अर्चना से हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं संकुल समन्वयक व प्रधान पाठक श्री एम.एल. मरकाम द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्राचार्य एफ.एस. मेरावी, पूर्व मंडल अध्यक्ष कपूर चंद पवार, वन मंडल रेंगाखार कला के प्रशिक्षु सुश्री दीक्षा वर्मा व प्रवीण कुमार, राज्य शिक्षा समिति के स्थाई सदस्य श्री नरेंद्र सिंह राजपूत, समाजसेवी मानक अलकरे तथा शिक्षक प्रकाश कुमार ठाकुर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व, गुरुजनों के योगदान और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य पर अपने विचार रखे। सेवानिवृत्त प्राचार्य एफ.एस. मेरावी ने शिक्षा व संस्कार को सर्वोपरि बताते हुए बच्चों को प्रेरित किया। वहीं प्रशिक्षु सुश्री दीक्षा वर्मा और प्रवीण कुमार ने बच्चों को बेहतर शिक्षा से अधिकारी एवं समाजसेवी बनने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया तथा शिक्षकों को सम्मानस्वरूप पौधे भेंट किए।
राज्य शिक्षा समिति के सदस्य नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि विद्यालय के समग्र विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल, योग और संस्कार भी आवश्यक हैं। उन्होंने सिवनीखुर्द स्कूल में कार्य करने का अवसर मिलने पर ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में संकुल से आए शिक्षकों का सम्मान किया गया। विशेष रूप से शिक्षक प्रकाश कुमार ठाकुर को शाला में 18 वर्ष की सेवा और अनुशासन के लिए तथा नरेंद्र सिंह राजपूत को राज्य स्तर पर उत्कृष्ट योगदान के लिए शाल, श्रीफल व मोमेंटो से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सेवानिवृत्त प्राचार्य एफ.एस. मेरावी और समाजसेवी मानक अलकरे को भी सम्मानित किया गया।
शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गेंदलाल पटेल और मंसाराम पटेल ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का स्तंभ बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन ललित कुमार निषाद एवं मनीष कुमार साहू ने किया। आभार प्रदर्शन तातु राम पलके ने किया।
