नशे के विरुद्ध दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्यवाही

  • अन्तर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 3 तस्कर गिरफ्तार

दुर्ग। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने अन्तर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 क्विंटल 88 किलोग्राम (388 पैकेट) गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त 25 लाख का कंटेनर वाहन, कंटेनर में भरा अन्य सामान लगभग 51 लाख एवं नगदी 95 हजार रुपए भी जब्त किए हैं। कुल मिलाकर 1 करोड़ 53 लाख रुपए का माल मशरूका पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

इस तरह हुई कार्रवाई

दिनांक 07 सितंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि कंटेनर वाहन क्रमांक NL01-AH-9524 में अवैध गांजा भरकर रायपुर से दुर्ग की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर टोल प्लाजा कुम्हारी में नाकेबंदी की गई। वाहन रोककर पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम उमेश यादव पिता शोभित यादव (46 वर्ष), निवासी जय नगर, जिला मधुबनी, बिहार बताया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह कंटेनर में पश्चिम बंगाल से सामान लेकर गुजरात जा रहा था, लेकिन रास्ते में उड़ीसा के देवघर से परिचित राहुल ने उसे 13 बोरियों में भरा गांजा नागपुर छोड़ने के लिए दिया था। प्रत्येक बोरी पहुंचाने पर 5000 रुपए देने की बात तय हुई थी। चालक ने स्वीकार किया कि पूर्व में भी एक खेप गांजा नागपुर में शाहिद नामक व्यक्ति को पहुंचा चुका है।

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कंटेनर की तलाशी ली गई, जिसमें से 13 प्लास्टिक बोरियों में 388 पैकेट गांजा बरामद हुआ। आरोपी उमेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर थाना कुम्हारी एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम नागपुर पहुंची और ट्रैप लगाकर गांजा खरीदी के लिए पहुंचे मुस्ताक अहमद (34 वर्ष, नागपुर) एवं फयाज अंसारी (24 वर्ष, नागपुर, महाराष्ट्र) को भी गिरफ्तार कर लिया।

दर्ज अपराध

अपराध क्रमांक – 172/2025
धारा – 20 (B) iiC, 25, 27 (a) एनडीपीएस एक्ट
थाना – कुम्हारी

गिरफ्तार आरोपी

  1. उमेश यादव (46 वर्ष), जिला मधुबनी, बिहार
  2. मुस्ताक अहमद (34 वर्ष), जिला नागपुर
  3. फयाज अंसारी (24 वर्ष), जिला नागपुर, महाराष्ट्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *