लोकेश्वर सिन्हा की रिपोर्ट…..
गरियाबंद। जिले के भालुडिग्गी जंगल में सीआरपीएफ़ 65वीं बटालियन को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार को चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों के लिए रखी गई सामग्री बरामद की। इसमें सिलाई मशीन, पिट्ठू बैग, जूते, तिरपाल और राशन शामिल था। बरामद सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार नक्सली इस सामग्री का उपयोग लंबे समय तक जंगलों में ठहरने और अपने संगठन को संचालित करने में करते हैं। जवानों की कार्रवाई से नक्सलियों की आपूर्ति श्रृंखला को बड़ा झटका लगा है और उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।

सीआरपीएफ़ ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे। सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन के जरिए नक्सलियों को किसी भी सूरत में पैर जमाने नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा बलों ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है।
