पंचायत भवन में राजनीति नहीं, जनता और गाँव की भलाई पर होगी चर्चा

  • लोहरसी सरपंच  द्वारा लिखी गई पारदर्शिता की नई इबारत

पाटन। जनपद पंचायत पाटन अन्तर्गत ग्राम पंचायत लोहरसी में पंचायत भवन के बाहर लगाया गया यह बोर्ड इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। बोर्ड पर साफ शब्दों में लिखा गया है कि – “आईए आपका स्वागत है। अपनी राजनीतिक पहचान बाहर छोड़कर आएं, यहाँ चर्चा जनता की होगी न कि राजनीति की। पंचायत भवन सेवा का स्थान है, राजनीति का स्थान नहीं। यहाँ सिर्फ गाँव की भलाई पर बात होगी।”

इस संदेश के जरिए पंचायत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पंचायत भवन किसी भी राजनीतिक बहस या दलगत विचारधारा का मंच नहीं है, बल्कि यह केवल जनता की समस्याओं और गाँव के विकास कार्यों के लिए है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की पहल से पंचायत स्तर पर अनावश्यक राजनीति से बचा जा सकेगा और वास्तविक मुद्दों जैसे गाँव की बुनियादी सुविधाएँ, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित होगा। यह संदेश न केवल गाँव के लोगों को प्रेरित करता है, बल्कि अन्य पंचायतों के लिए भी एक आदर्श उदाहरण बन सकता है।

ग्राम पंचायत लोहरसी के युवा सरपंच राकेश साहू द्वारा  पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की एक अनोखी पहल की गई है। पंचायत भवन की दीवार पर “सरपंच, जनपद, जिला, विधायक व सांसद से होने वाले कार्यों की सूची” सार्वजनिक की गई है।

दीवार पर वर्ष 2025-2026 के प्रस्तावित कार्य स्पष्ट रूप से अंकित किए गए हैं। इसमें सीसी रोड निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण, पुलिया, स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का उल्लेख है। इन कार्यों की जिम्मेदारी संबंधित प्रतिनिधियों और अधिकारियों के नाम के सामने दर्ज की गई है, ताकि जनता सीधे जान सके कि किस स्तर पर कौन-सा कार्य कराया जाएगा।

साथ ही, पंचायत ने एक और सशक्त संदेश दिया है। गेट के पास लिखी अपील में साफ कहा गया है “जूते-चप्पल भले पहनते रहें, पर जात-पात, ऊँच-नीच, छुआ-छूत, लिंग-भेद जैसी मानसिकताएँ कृपया यहाँ उतार दें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *