महुदा में बैल दौड़ व सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन

पाटन। ग्राम महुदा में हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी क्रिकेट संघ महुदा द्वारा बैल दौड़, बैल सजावट प्रतियोगिता एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। उत्सव में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ जिसमें पुरुष वर्ग में बैल दौड़, बैल सजावट, मटकी फोड़ और खुर्सी दौड़ वहीं महिला वर्ग के लिए मटकी फोड़, खुर्सी दौड़, आलू दौड़, फुग्गा दौड़, फुग्गा फोड़ और रस्सी खींच जैसे मनोरंजक खेल आयोजित किया गया।

आयोजन के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य दामिनी राकेश साहू, ग्राम पंचायत महुदा की सरपंच रेणुका गजेन्द्र, ग्राम प्रमुख जीधन साहु, सियाराम साहु, तुला राम पटेल, दयालु सिन्हा, संजू साहु सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि दामिनी राकेश साहु ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी परंपराओं और संस्कृति को जीवित रखते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

गांव के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। पूरे गांव में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *