पाटन,,शासकीय प्राथमिक शाला डंगनिया विकास खण्ड पाटन में जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में आज फैंसी ड्रेस एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष पूजा वर्मा और उपाध्यक्ष तुलेश्वर साहू के आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कक्षा पहली से पांचवीं तक के सभी बच्चे राधा और कृष्ण की वेशभूषा में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में उपस्थित हुए ऐसा लग रहा था मानो स्कूल प्रांगण गोकुल और ब्रज भूमि बन गया हो। राधा और कृष्ण बने बच्चों ने,”मुख मुरली बजाए छोटे से श्याम कन्हैया” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
अतिथियों ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ इस प्रकार के आयोजन से बच्चे अपनी संस्कृति से जुड़े रहते हैं और उन्हें अच्छे संस्कार भी सीखने मिलता है।
प्रधान पाठक आर.के. घोरमोड़े ने सभी बच्चों को श्री कृष्ण की सरलता, सहजता, विनम्रता, शिष्टता, कृतज्ञता, मित्रता आदि अनुकरणीय गुणों को अपने जीवन में आत्मसात करने प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रांगण में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें आंखों पर पट्टी बांध मटकी को फोड़ना था, बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और भरपूर आनंद उठाया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में कक्षा पांचवीं की छात्रा कनक निषाद विजेता रही। बच्चों को तैयार करने में शिक्षिका वीणा साहू की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पालक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
