पाटन। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को 31 दिसंबर 2024 को पत्र लिखा था जिसमें पाटन क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के लिए छग राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण मद से विभिन्न कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने की मांग किया था। पूर्व मुख्यमंत्री के विभिन्न मांगो को 29 अप्रैल को प्रशासनिक स्वीकृति का आदेश जारी हुआ था।
पाटन क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में स्वीकृत कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति के 3 माह बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने एवं पूर्व मुख्यमंत्री की मांग पर राशि स्वीकृति के बाद भी उनसे भूमिपूजन नहीं करवा कर सांसद द्वारा भूमिपूजन कराए जाने पर विधायक प्रतिनिधि जवाहर वर्मा ने कहा कि विकास कार्यों का भाजपाई झूठी श्रेय लेने में लगे है। राशि स्वीकृति होने के बाद भी अपने पसंदीदा ठेकेदारों को काम दिए जाने के चक्कर में 3 महीने तक राशि को रोक कर रखा गया। श्री वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की गई मांग पत्र एवं प्रशासनिक स्वीकृति उपरांत आदेश कापी को दिखाते हुए कहा कि झूठी श्रेय लेने से भाजपाई दोनों पत्रों का एक बार अवलोकन जरूर कर ले कि राशि किसकी मांग पर स्वीकृत हुआ है।


