ब्रह्माकुमारी बहनों ने देश की सुरक्षा में समर्पित बी एस एफ जवानों को परमात्म स्नेह का रक्षा सूत्र बांध, कराया राजयोग मेडिटेशन

सामरिक मुख्यालय, महानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल, (स्पेशल ऑप्स) छत्तीसगढ़ में रक्षाबंधन से पूर्व हुआ भाईचारे और स्नेह का भावपूर्ण आयोजन

भिलाई। आज दिनांक 05 अगस्त 2025 को रिसाली स्थित सामरिक मुख्यालय, महानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल (स्पेशल-ऑप्स), छत्तीसगढ़ में एक भावनात्मक एवं सौहार्दपूर्ण रक्षाबंधन पूर्व कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बहन प्राची दीदी के नेतृत्व में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की बहनों ने सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों को तिलक लगाकर राखी बाँधी और उनके सेवा, त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान प्रकट किया।

इस कार्यक्रम में सामरिक मुख्यालय, महानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल (स्पेशल-ऑप्स) छत्तीसगढ़ के महानिरीक्षक श्री आनंद प्रताप सिंह, भारतीय पुलिस सेवा, सहित सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

 बहनों ने सीमा सुरक्षा बल के कार्मिकों के प्रति अपने स्नेह और विश्वास को अभिव्यक्त करते हुए उन्हें मिठाई खिलाई और रक्षा सूत्र बाँधकर आत्मीयता का भाव स्थापित किया।

सीमा सुरक्षा बल के कार्मिकों ने भी बहनों के इस प्रेम और सम्मान को विनम्रता से स्वीकार करते हुए राष्ट्र सेवा में अपने दायित्वों के प्रति संकल्प दोहराया। आयोजन का संपूर्ण वातावरण भावनाओं, देशभक्ति और भाईचारे से ओतप्रोत रहा।

समापन पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की बहनों ने सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों को राजयोग मेडिटेशन कराते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुरक्षित सेवा जीवन की शुभकामनाएँ दीं।

 सीमा सुरक्षा बल के कार्मिकों ने इस आत्मीय आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का आभार प्रकट किया और कहा कि यह आयोजन हम सभी के मनोबल को और अधिक ऊँचा करता है तथा इसे सदैव स्मरण रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *