समाज सेवी ने खोरपा मिडिल स्कूल के बच्चों को उपहार स्वरूप प्रदान किया जूता

खोरपा, पाटन | शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खोरपा में अध्ययनरत जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर उस समय मुस्कान खिल उठी, जब उन्हें नए जूते उपहार स्वरूप मिले। समाजसेवा की एक अनुकरणीय मिसाल पेश करते हुए, लोक निर्माण विभाग (PWD) में लिपिक के पद पर कार्यरत एवं ग्राम चरोदा (विकासखंड धरसींवा) के सरपंच पति मनमोहन ध्रुव ने विद्यालय के 60 बच्चों को अपनी ओर से जूते प्रदान किए।

दिनांक 29 जुलाई को विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में योगेश साहू एवं शिक्षिका श्रीमती पुष्पलता साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष ढालसिंह वर्मा (शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खोरपा) तथा अम्बिका वर्मा (शासकीय प्राथमिक शाला खोरपा) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का सफल संचालन शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खोरपा के प्रधान पाठक श्री संतोष कुमार शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यालय की ओर से अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर सीएसी बालक पाटन रोशन देशमुख, शिक्षिका श्रीमती आशा साहू, शिक्षक ठाकुर राम यादव एवं शिक्षिका श्रीमती भूमिजा देवांगन द्वारा मंचासीन अतिथियों का सम्मान किया गया।

प्रधान पाठक श्री शर्मा ने बच्चों को जूते प्रदान करने के लिए दानदाता मनमोहन ध्रुव जी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस नेक कार्य को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाने वाली विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती आशा साहू के प्रयासों की सराहना की।

यह उल्लेखनीय है कि श्रीमती साहू ने ही अपने भाई योगेश साहू और बहन श्रीमती पुष्पलता साहू के सहयोग से इस कार्यक्रम को मूर्त रूप दिया।

कार्यक्रम के अंत में, अतिथियों को भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा के साथ धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *