-विक्रम शाह ठाकुर
कुम्हारी। स्व.बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय कुम्हारी में 26 जुलाई 2025 को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक गरिमामय और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन हिंदी विभाग द्वारा संपन्न किया गया, जिसका उद्देश्य भारत के वीर सैनिकों की शौर्य गाथाओं को विद्यार्थियों और शिक्षकों के समक्ष प्रस्तुत करना था।कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य महोदया के गर्वित एवं प्रेरणादायी उद्बोधन से हुई। उन्होंने कहा कि “कारगिल विजय दिवस हमें न केवल सैन्य पराक्रम की याद दिलाता है, बल्कि यह हमें सिखाता है कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर कभी नहीं भुलाए जाते। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा कारगिल युद्ध पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन, जिसमें युद्ध की परिस्थितियाँ, सैनिकों का साहस और उनकी कुर्बानियाँ दर्शाई गईं। इस अवसर पर उपस्थित समस्त सहायक प्राध्यापक कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं भावुक एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गए।
